स्थानीय घोषणा पत्र के मामले में प्रत्याशियों से आगे निकली डोली शर्मा


 कांग्रेस के राष्ट्रीय घोषणा पत्र के बाद भले ही विपक्षी सवाल खड़े कर रहे हों लेकिन स्थानीय घोषणा पत्र के मामले में डॉली शर्मा अन्य प्रत्याशियों से आगे निकल गई। उन्होंने सबसे पहले अपने स्थानीय घोषणा पत्र को जारी किया है। डॉली शर्मा की ओर से जारी किए गए घोषणा पत्र में पांच प्रमुख मुद्दों को रखा गया है। डॉली शर्मा ने बताया कि उनके स्थानीय मेनिफेस्टो में किसानों को गन्ने का समय पर भुगतान, जिले के सरकारी स्कूलों में रिक्त पदों को भरना व निजी स्कूलों में फीस रेगुलेशन को लागू करवाने का प्रयास, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा व मलिन बस्तियों को नियमित करवाना, मंडोला किसानों को मुआवजा और कानून व्यवस्था को बेहतर करने जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है। बता दें कि यह सभी मुहे एनबीटी ने गाजियाबाद के मेनिफेस्टो अभियान में उठाए थे। डॉली शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्राथमिकताओं के आधार पर इस मेनिफेस्टो को तैयार किया है। डॉली शर्मा ने मेनिफेस्टो जारी करने के दौरान बीजेपी और गठबंधन दोनों पर हमला बोला।


उन्होंने कहा कि बीते दिनों में कई स्कूलों द्वारा मनमानी की गई। एक स्कूल के बच्चे और पैरंट्स पूरा दिन थाने में बैठे, इसके बाद भी कोई उनसे मिलने नहीं गया। उन्होंने कहा कि वह पैरंट्स से हर बार जाकर मिलीं और इसी कारण उन्होंने फीस के मुद्दे को स्थानीय मेनिफेस्टो में शामिल किया। डॉली शर्मा से प्रियंका गांधी के रोड शो के बाद राहुल गांधी के प्रचार के लिए आने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सभी प्रचार में व्यस्त हैं। राहुल गांधी के पास पूरे देश की जिम्मेदारी है। प्रियंका गांधी के रोड शो के बाद ये साफ हो गया कि लोग कांग्रेस के साथ हैं।


   डोली के लिए मांगे वोट मुरादनगर। गाजियाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के समर्थक मुस्लिम बहुल क्षेत्र में पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सदस्य अभय त्यागी राजू और महानगर उपाध्यक्ष राजाराम भारती ने बताया कि ईदगाह बस्ती, छितरा बस्ती, सरना वाली गली, तेलियान, पठानान में घर-घर जाकर डॉली शर्मा के पक्ष में वोट करने की अपील की गई। इस दौरान उनके साथ महताब पठान, जिला महासचिव जनार्दन निम्मी, नगर अध्यक्ष श्रीपाल, समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।